लखनऊ। राजधानी लखनऊ में तीसरे गोमती उत्सव की तैयारियों ने अब रफ्तार पकड़ ली है। आगामी उत्सव के सफल आयोजन के लिए 12 नवंबर 2026 को दोपहर 2 बजे गोमतीनगर स्थित उत्तर प्रदेश संस्कृत संस्थान परिसर में विधि-विधान के साथ भूमिपूजन सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर आयोजक मंडल के सदस्यों ने पूजा-अर्चना कर उत्सव के सफल और भव्य आयोजन की कामना की।
भूमिपूजन कार्यक्रम में उत्सव के आयोजक रामकृष्ण यादव, उत्सव के स्वप्नदृष्टा सर्वेश अस्थाना, मुख्य संरक्षक राजीव मिश्रा और कवयित्री अंशु दुबे सहित आयोजन टीम के सदस्य उपस्थित रहे। उत्तर प्रदेश संस्कृत संस्थान के विद्यार्थियों ने विधिवत पूजन संपन्न कराया।
13 से 15 नवंबर तक चलेगा गोमती उत्सव
इस वर्ष तीसरे गोमती उत्सव का आयोजन 13, 14 और 15 नवंबर 2026 को किया जाएगा। तीन दिवसीय इस आयोजन को भव्य स्वरूप देने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। उत्सव में सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ मेले का भी विशेष आकर्षण रहेगा, जहां लोगों को मनोरंजन और खरीदारी के विविध अवसर मिलेंगे।
100 दुकानें और विशाल मंच होंगे आकर्षण का केंद्र
आयोजकों के अनुसार, उत्सव परिसर में लगभग 100 दुकानों की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही कार्यक्रमों के आयोजन के लिए 60 फीट चौड़ा और 40 फीट गहरा विशाल मंच तैयार किया जाएगा। मंच को उत्सव की विभिन्न गतिविधियों और प्रस्तुतियों के अनुरूप सजाया जाएगा।
झूला, किड्स जोन और सेल्फी पॉइंट की भी होगी व्यवस्था
गोमती उत्सव में बच्चों और परिवारों के मनोरंजन को ध्यान में रखते हुए झूले और विशेष किड्स जोन भी बनाए जाएंगे। इसके अलावा परिसर में आकर्षक सेल्फी पॉइंट तैयार किए जाएंगे। पूरे आयोजन स्थल को सजावटी लाइटों और आकर्षक साज-सज्जा से भव्य रूप देने की योजना है।
भूमिपूजन के साथ ही तीसरे गोमती उत्सव की तैयारियों का औपचारिक शुभारंभ हो गया है। आयोजकों को उम्मीद है कि इस बार भी उत्सव में बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे और यह आयोजन राजधानी की सांस्कृतिक एवं सामाजिक गतिविधियों को एक नया मंच प्रदान करेगा।
