लखनऊ। गोमती उत्सव के अंतर्गत युवा कवि सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य साहित्य के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाने की कोशिश कर रहे नवोदित कवियों और कवयित्रियों को मंच प्रदान करना तथा उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करना है। इस विशेष आयोजन के लिए प्रहर्ष फाउंडेशन के माध्यम से नवांकुर कवियों एवं कवयित्रियों को आमंत्रित किया गया है।
14 नवंबर को बाल दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले इस कवि सम्मेलन में नई और उभरती हुई साहित्यिक प्रतिभाओं को अपनी रचनाएं प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। आयोजन के माध्यम से युवा रचनाकारों को वरिष्ठ साहित्यकारों और साहित्य प्रेमियों के बीच अपनी अभिव्यक्ति रखने का मंच उपलब्ध कराया जाएगा।
इस संबंध में गोमती उत्सव के स्वप्नदृष्टा एवं वरिष्ठ हास्य कवि सर्वेश अस्थाना ने गोमती उत्सव की परिकल्पना और इसके उद्देश्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उत्सव का उद्देश्य केवल सांस्कृतिक कार्यक्रमों तक सीमित नहीं है, बल्कि साहित्य, कला और संस्कृति से जुड़ी नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर देना भी है।
वहीं, उत्सव के आयोजक रामकृष्ण यादव ने आयोजन के अंतर्गत होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी साझा की। उत्सव के संरक्षक राजीव मिश्र ने आमंत्रित अतिथियों के बारे में विस्तार से बताया।
गोमती उत्सव में युवा कवि सम्मेलन का यह प्रयास साहित्य की नई पीढ़ी को प्रोत्साहित करने और उन्हें अपनी रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा।